Ranchi : झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग 8 जनवरी को इस संबंध में एक अहम समीक्षा बैठक करने जा रहा है। यह बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की जाएगी, जिसमें राज्य के सभी जिलों के डीसी और एसपी के साथ-साथ नगर विकास सचिव, डीजीपी, गृह सचिव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होगी समीक्षा बैठक
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने जानकारी दी कि चुनाव की घोषणा से पहले आयोग की ओर से कई चरणों में समीक्षा बैठकें की जाती हैं। इसी कड़ी में 8 जनवरी को पहली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक होगी। इसमें जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ नगर निकाय चुनाव की तैयारियों, सुरक्षा बलों की तैनाती और अन्य अहम बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।
इन शहरी क्षेत्रों में होने हैं नगर निकाय चुनाव
नगर निगम क्षेत्रों में रांची, हजारीबाग, मेदनीनगर, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, चास, आदित्यपुर और मानगो शामिल हैं।
नगर परिषद क्षेत्रों में गढ़वा, विश्रामपुर, चाईबासा, झुमरी तिलैया, चक्रधरपुर, चतरा, चिरकुंडा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, गुमला, जुगसलाई, कपाली, लोहरदगा, सिमडेगा, मधुपुर, रामगढ़, साहिबगंज, फुसरो और मिहिजाम में चुनाव होने हैं।
नगर पंचायत क्षेत्रों में बंशीधर नगर, मझिआंव, हुसैनाबाद, हरिहरगंज, छतरपुर, लातेहार, कोडरमा, डोमचांच, बड़की सरैया, धनवार, महगामा, राजमहल, बरहरवा, बासुकीनाथ, जामताड़ा, बुंडू, खूंटी, सरायकेला और चाकुलिया शामिल हैं।
जनवरी के तीसरे सप्ताह में हो सकती है चुनाव की घोषणा
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, नगर निकाय चुनाव की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। जिला स्तर पर की गई तैयारियों की समीक्षा के बाद आयोग चुनाव की तारीखों का ऐलान करेगा। संभावना जताई जा रही है कि जनवरी के तीसरे सप्ताह में नगर निकाय चुनाव की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।
हाईकोर्ट में दाखिल शपथपत्र का भी असर
गौरतलब है कि राज्य निर्वाचन आयोग ने झारखंड हाईकोर्ट में शपथपत्र दाखिल कर बताया था कि चुनाव की विस्तृत तैयारी के लिए लगभग 8 सप्ताह की जरूरत होगी और पूरी चुनावी प्रक्रिया संपन्न करने में अतिरिक्त 45 दिन लग सकते हैं। यह शपथपत्र 22 नवंबर को दाखिल किया गया था। मामले की अगली सुनवाई 30 मार्च को निर्धारित है, ऐसे में आयोग इससे पहले ही नगर निकाय चुनाव संपन्न कराने की तैयारी में जुटा है।


