Dhanbad : धनबाद के एसएनएमसीएच (SNMCH) अस्पताल से चोरी हुए नवजात बच्चे के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सरायढेला थाना पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया है। बच्चा भूली के रेगुनी इलाके से मिला है। इस मामले में एक महिला और अस्पताल के एक कर्मचारी समेत कुल चार लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
अस्पताल कर्मी भी शामिल, देर रात हुई छापेमारी
सरायढेला थाना पुलिस ने देर रात रेगुनी इलाके में छापेमारी कर नवजात को बरामद किया। पुलिस ने अस्पताल के आउटसोर्सिंग कर्मचारी मोहम्मद हासिम को भी हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चा चोरी की साजिश पहले से रची गई थी और आरोपियों को इसके एवज में पैसे भी मिल चुके थे।
1.5 लाख रुपये में बेचने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की योजना नवजात को 1.5 लाख रुपये में बेचने की थी। इस सौदे को लेकर लेन-देन भी हो चुका था। पूरे मामले की गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सके।
चिकित्सकों की निगरानी में बच्चा, मां को सौंपने की तैयारी
बरामदगी के बाद नवजात को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। पुलिस और अस्पताल प्रशासन की ओर से बच्चे को उसकी मां को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
मनियाडीह की रहने वाली है पीड़ित महिला
पीड़ित महिला सरिता मरांडी टुंडी के मनियाडीह थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। उन्हें 25 दिसंबर को एसएनएमसीएच में भर्ती कराया गया था। शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात नवजात की चोरी हुई थी, जिसकी तस्वीरें अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई थीं।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले का जल्द ही खुलासा किया जाएगा और इसमें शामिल सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।



