Jamsedpur : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित तिलक पुस्तकालय परिसर में मंगलवार को कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान को लेकर एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने की। इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस के सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
संगठन निर्माण और 2029 के लक्ष्य पर जोर
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भूपेंद्र मरावी ने कहा कि कांग्रेस को पहले संगठन का सृजन करना है, फिर उसे मजबूत करना है। उन्होंने वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर संगठन को सशक्त करना होगा। मरावी ने दो टूक शब्दों में कहा कि अब कांग्रेस में “हवा में बातें करने वालों” की कोई जगह नहीं है।
बूथ स्तर पर होगी कार्यकर्ताओं की परख
भूपेंद्र मरावी ने स्पष्ट किया कि अब बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं का मूल्यांकन होगा। जो कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ पर सर्वाधिक वोट दिलाने में सफल होंगे, उन्हें ही संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब सिर्फ मेहनती, गंभीर और समर्पित कार्यकर्ताओं को ही आगे बढ़ाएगी।
बंधु तिर्की का तीखा बयान
प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने भी कार्यकर्ताओं को सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कई लोग दिल्ली जाकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, जबकि उनके बूथ पर व्यक्तिगत रूप से 10 वोट भी नहीं होते। उन्होंने साफ कहा कि जो जमीन पर मेहनत नहीं करता, वह संगठन को मजबूत नहीं कर सकता। अब समय आ गया है कि मेहनती जमीनी कार्यकर्ताओं को उनका हक मिले।
निकाय चुनाव को लेकर तैयारी का आह्वान
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि निकाय चुनाव सामने हैं और कार्यकर्ताओं को इसके लिए अभी से कमर कस लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जितने अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता चुनाव जीतेंगे, उतना ही संगठन मजबूत होगा और आने वाले समय में पार्टी को इसका लाभ मिलेगा।
स्वागत और संगठनात्मक समीक्षा
बैठक की शुरुआत में जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह और अन्य नेताओं ने अतिथियों का अंग वस्त्र, पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद संगठन सृजन अभियान के तहत अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे, रामाश्रय प्रसाद, नट्टू झा, विजय खां, सामंता कुमार, के.के. शुक्ला, विजय यादव, अशोक चौधरी, रजनीश सिंह, राकेश साहू, रंजीत सिंह, अतुल गुप्ता, राजेश कुमार झा, खगेन महतो, संजय सिंह आजाद, अंसार खान, सचिन कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



