Breaking News

जिलाध्यक्ष हो या विधायक, पार्टी संगठन से बढ़कर कोई नहीं : जुबैर अहमद

Khunti: खूंटी जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की एक विशेष बैठक का आयोजन जिला कार्यालय में किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य पार्टी संगठन को और अधिक सशक्त बनाना तथा आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर रणनीति तय करना था। इस बैठक में पार्टी के विभिन्न मोर्चा, प्रकोष्ठ और विंग के जिलाध्यक्ष, जिला सचिव सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान संगठन से जुड़ी कई समस्याएं, आपसी समन्वय, कार्यशैली और अनुशासन से संबंधित शिकायतें सामने आईं। सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अपनी-अपनी शिकायतें और सुझाव जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद के समक्ष रखीं। जिलाध्यक्ष ने सभी की बातों को गंभीरता से सुना और संगठनात्मक मजबूती पर विस्तार से चर्चा की।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “पार्टी संगठन से बढ़कर कोई नहीं है, चाहे वह जिलाध्यक्ष हो या विधायक। जब तक संगठन मजबूत नहीं होगा, तब तक हम चुनाव नहीं जीत सकते। विधायक या सांसद का चुनाव भी तभी संभव है जब जमीनी स्तर पर संगठन सशक्त होगा।”

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासन में रहते हुए पार्टी की नीति और सिद्धांतों का पालन करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि आपसी मतभेद और शिकायतों को संगठन के भीतर ही सुलझाया जाना चाहिए, ताकि पार्टी की छवि और एकजुटता बनी रहे।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि नगर निकाय चुनाव नजदीक हैं और यह चुनाव पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। जिस तरह एकजुट होकर हमने विधानसभा चुनाव में परचम लहराया था, उसी तरह आने वाले नगर निकाय चुनाव में भी भारी मतों से जीत दर्ज करनी है। इसके लिए हर कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करना होगा।

बैठक में मौजूद तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने खूंटी महिला कॉलेज को लेकर अहम जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खूंटी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से महिला कॉलेज का तोहफा मिला है, जिसके लिए खूंटी की जनता मुख्यमंत्री की आभारी है। उन्होंने बताया कि आपसी तालमेल की कमी के कारण अब तक कॉलेज का शिलान्यास नहीं हो पाया है, लेकिन आने वाले कुछ दिनों में इसका शिलान्यास किया जाएगा।

उन्होंने कहा, “महिला कॉलेज का निर्माण खूंटी के लिए ऐतिहासिक कदम होगा और इससे यहां की बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। यह पूरे राज्य और देश के लिए संदेश होगा कि खूंटी को मुख्यमंत्री का विशेष तोहफा मिला है।”

इसके साथ ही विधायक सुदीप गुड़िया ने केंद्रीय कमेटी के निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि सदस्यता अभियान को और तेज किया जाएगा। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि सदस्यता से जुड़े सभी दस्तावेज और पेपर वर्क जल्द से जल्द पूरा कर केंद्रीय कमेटी को सौंपें। हमें यह साबित करना है कि खूंटी जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा न केवल सक्रिय है, बल्कि संगठनात्मक रूप से बेहद मजबूत भी है।

बैठक के अंत में जिला अध्यक्ष जुबैर अहमद द्वारा ऑल चर्चेस कमेटी के सदस्यों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई, जिसे संगठनात्मक सहयोग और सामाजिक समरसता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

आज के बैठक में जिला सचिव सुशील पहन, केंद्रीय सदस्य मकसूद अंसारी, भोला लाल, केंद्रीय सदस्य सह युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अमृत हेंब्रोम, उपाध्यक्ष गुलशन सिंह मुंडा, सनिका बोदरा, संगठन सचिव शंकर सिंह मुंडा, प्रवक्ता तौकीर आलम, मनोज मंडल, संगठन सचिव प्रदीप केशरी, सह सचिव मोजीर अंसारी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुशांति कोंगड़ी, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष शेख फिरोज, तनवीर खान, क्रीड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष विमल पहन, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष मांगू होरो, सचिव महादेव मुंडा, छात्र मोर्चा जिलाध्यक्ष कमलेश महतो, कोषाध्यक्ष बसंत महतो, युवा मोर्चा संगठन सचिव जोलेन बारला, वीरेंद्र सिंह, अर्जुन मुंडा सहित कई प्रखंड अध्यक्ष, सचिव, महिला मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने, अनुशासन बनाए रखने और आगामी चुनावों में पार्टी को जीत दिलाने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post