JHKD Vs HAR Mushtaq Ali Trophy 2025 : झारखंड ने भारतीय घरेलू क्रिकेट में नया इतिहास रचते हुए पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया है। टी-20 फॉर्मेट के इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल में ईशान किशन की कप्तानी वाली झारखंड टीम ने हरियाणा को 69 रन से मात दी। यह मुकाबला पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया, जहां दोनों टीमें पहली बार फाइनल में आमने-सामने थीं।
झारखंड ने बनाया 262 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर
गुरुवार को हरियाणा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन झारखंड के बल्लेबाजों ने इस फैसले को गलत साबित कर दिया। झारखंड ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 262 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत भले ही खराब रही और 3 रन पर पहला विकेट गिर गया, लेकिन इसके बाद ईशान किशन और कुमार कुशाग्र ने पारी को पूरी तरह संभाल लिया।
ईशान किशन का धमाकेदार शतक, कुशाग्र के साथ रिकॉर्ड साझेदारी
कप्तान ईशान किशन ने फाइनल में कप्तानी पारी खेलते हुए 49 गेंदों पर 101 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 10 छक्के जड़े। कुमार कुशाग्र ने भी 38 गेंदों पर 81 रन की विस्फोटक पारी खेली। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 177 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की, जो झारखंड की ओर से टी-20 में सबसे बड़ी साझेदारी है। इस प्रदर्शन के लिए ईशान किशन को ‘प्लेयर ऑफ द फाइनल’ चुना गया।
अनुकूल रॉय और रॉबिन मिंज ने स्कोर पहुंचाया 250 पार
कुशाग्र के आउट होने के बाद अनुकूल रॉय और रॉबिन मिंज ने अंत में तेजी से रन बटोरते हुए टीम का स्कोर 262 तक पहुंचाया। दोनों ने 32 गेंदों पर नाबाद 75 रनों की साझेदारी की। अनुकूल रॉय 40 और रॉबिन मिंज 31 रन बनाकर नाबाद लौटे।
263 रन के लक्ष्य में दबाव में टूटी हरियाणा की टीम
263 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। टीम ने 36 रन तक अपने टॉप-3 बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए, जिनमें से दो बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। हालांकि यशवर्धन दलाल और निशांत सिंधू ने कुछ देर संघर्ष किया और 67 रनों की साझेदारी की, लेकिन इसके बाद पूरी टीम 18.3 ओवर में 193 रन पर सिमट गई।
झारखंड के गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन
झारखंड की ओर से सुशांत सिंह और बाल कृष्ण ने 3-3 विकेट झटके। विकास सिंह और अनुकूल रॉय को 2-2 सफलता मिली, जिससे हरियाणा की वापसी की उम्मीदें खत्म हो गईं।
मैच में बने कई बड़े रिकॉर्ड
इस फाइनल में कुल 455 रन बने, जो टी-20 घरेलू मैचों का रिकॉर्ड है। ईशान किशन झारखंड के लिए टी-20 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने एक पारी में 10 छक्के लगाकर अपना ही रिकॉर्ड बेहतर किया। अनुकूल रॉय को उनके पूरे टूर्नामेंट के शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया।
इस ऐतिहासिक जीत के साथ झारखंड ने पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतकर भारतीय घरेलू क्रिकेट में अपनी मजबूत पहचान दर्ज करा दी है।



