अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी आज अपने भारत दौरे के आखिरी दिन दिल्ली में रहेंगे। हालांकि खराब मौसम और घने कोहरे के कारण उनके दिल्ली पहुंचने में देरी हो गई है। बताया गया कि चार्टर फ्लाइट तय समय पर उड़ान नहीं भर सकी, जिस वजह से मेसी फिलहाल मुंबई एयरपोर्ट पर मौजूद हैं। मौसम साफ होते ही उनके दिल्ली रवाना होने की उम्मीद है।
तीन दिवसीय ‘GOAT इंडिया’ टूर का अंतिम दिन
लियोनल मेसी भारत में तीन दिन के ‘GOAT इंडिया’ टूर पर हैं। शनिवार को उन्होंने कोलकाता और हैदराबाद का दौरा किया था। रविवार को वे मुंबई पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। आज दिल्ली में उनके सम्मान के लिए अरुण जेटली स्टेडियम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

मुंबई में सचिन से मुलाकात, खास तोहफा मिला
मुंबई में मेसी ने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर से मुलाकात की। इस मौके पर सचिन ने मेसी को अपनी 2011 वनडे वर्ल्ड कप की जर्सी भेंट की, जिसे लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। दोनों दिग्गजों की यह मुलाकात खेल जगत के लिए यादगार पल बन गई।
वानखेड़े में फ्रेंडली मैच और फैंस का जोश
रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में मेसी ने लुइस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल के साथ पैडल इवेंट में हिस्सा लिया। इस दौरान भारत के स्टार फुटबॉलर सुनील छेत्री भी मैदान पर नजर आए। इंडियन स्टार्स और मित्र स्टार्स के बीच खेला गया फ्रेंडली मैच 1-1 से ड्रॉ रहा। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ भी इस मुकाबले का हिस्सा बने।

बिंद्रा ने दौरे के खर्च पर उठाए सवाल
इस बीच ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने मेसी के भारत दौरे पर हो रहे भारी खर्च पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने पैसे खर्च करने का पूरा अधिकार है, लेकिन यदि यही राशि देश में खेलों के बुनियादी ढांचे और खिलाड़ियों के विकास पर लगे, तो भारतीय खेल जगत को और मजबूती मिल सकती है।



