Breaking News

देवघर से भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने फूंका चुनावी बिगुल, झारखंड-बंगाल में मिशन विस्तार पर तेज हुआ फोकस

Deoghar : देवघर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को आगामी झारखंड और बंगाल चुनावों के लिए भाजपा की रणनीति का स्पष्ट संकेत देते हुए चुनावी बिगुल फूंक दिया। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत का उल्लेख करते हुए नड्डा ने कहा कि जनता का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अटूट विश्वास पार्टी के आत्मविश्वास को और मजबूत करता है। उन्होंने दावा किया कि समय आने पर झारखंड में भी भाजपा कमल खिलाएगी।

नड्डा ने बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को योद्धा की तरह कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश में वैचारिक राजनीति की एकमात्र प्रतिनिधि पार्टी भाजपा ही बचेगी, बाकी दल बिखर रहे हैं। उन्होंने गरीबों और वंचितों के लिए केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे कल्याणकारी कार्यक्रमों का विस्तार से उल्लेख किया।

भाजपा अध्यक्ष ने नए जिला कार्यालय के उद्घाटन के दौरान बताया कि देशभर में 787 जिला कार्यालय बनाने का लक्ष्य है, जिनमें से 617 बनकर तैयार हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय केवल संगठनात्मक केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार देने का स्थान है, जिसमें नई कार्यप्रणाली के अनुसार आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

अपने भाषण में नड्डा ने कांग्रेस की राजनीति पर भी निशाना साधा और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जातिवाद और तुष्टीकरण की पुरानी परंपराओं को खत्म कर ‘रिपोर्ट कार्ड की राजनीति’ की शुरुआत की है। उन्होंने दावा किया कि विकास आधारित राजनीति ही देश का भविष्य तय करेगी।

नड्डा ने गर्व व्यक्त किया कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है, जिसके पास 14 करोड़ कैडर, 10 लाख सक्रिय कार्यकर्ता और पांच लाख बूथ इकाइयां हैं। उन्होंने कहा कि इन्हीं कार्यकर्ताओं के बूते भाजपा ने गुजरात, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, गोवा, असम, दिल्ली और बिहार में एक के बाद एक सफलताएं हासिल की हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के रूप में उन्होंने बताया कि देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 378 से बढ़कर 820 हो गई है। 2029 तक एमबीबीएस की 75,000 सीटें उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। झारखंड के धनबाद, कोडरमा, चाईबासा और संताल परगना को भी मेडिकल कॉलेज की सौगात दी गई है।

इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर कड़ा हमला बोलते हुए कहा कि छह साल में सरकार छह कदम भी आगे नहीं बढ़ सकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर प्रशासन को वसूली में लगाने और युवाओं, किसानों व आम जनता से धोखा करने का आरोप लगाया।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद आदित्य साहू, ढुल्लू महतो, रवींद्र राय, यदुनाथ पांडेय और नारायण दास सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया। सभी ने झारखंड में भाजपा को मजबूत करने के संकल्प को दोहराया और आने वाले चुनावों में जीत की उम्मीद जताई।

देवघर से नड्डा का यह दौरा न सिर्फ झारखंड, बल्कि बंगाल में भी भाजपा को नई ऊर्जा देने वाला माना जा रहा है। संगठन अब आक्रामक रणनीति के साथ अपने विस्तार अभियान में जुट गया है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post