Deoghar : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा दो दिवसीय प्रवास पर शुक्रवार की शाम देवघर पहुंचे। शनिवार सुबह उन्होंने बाबा बैद्यनाथ धाम में विधिवत पूजा-अर्चना की और कहा कि बाबा के दर्शन से मिली ऊर्जा को वे देश की तरक्की एवं प्रगति में समर्पित करेंगे।
देवघर पहुंचने के बाद नड्डा ने सर्किट हाउस में प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें उन्होंने पदाधिकारियों को जनता की समस्याओं को लेकर अधिक सक्रिय संघर्ष करने, गांवों में प्रवास बढ़ाने और अन्य दलों के प्रतिभाशाली कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।

शनिवार को जेपी नड्डा ने ठादाढ़ी दुलमपुर स्थित पांच मंजिला नवनिर्मित देवघर जिला भाजपा कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया। फीता काटकर और नारियल फोड़कर भवन को समर्पित करने के बाद उन्होंने पूरे परिसर का निरीक्षण कर संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली। इसी दौरान उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से गुमला जिला कार्यालय का भी लोकार्पण किया। संथाल क्षेत्र में संगठन विस्तार की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कार्यालय उद्घाटन के बाद नड्डा 12 बूथों के कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में शामिल हुए। मंच पर पहुंचकर उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। यहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाने, बूथ स्तर पर मजबूती लाने और आगामी कार्यक्रमों में सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।
भाजपा के लिए नड्डा का यह दौरा विधानसभा चुनाव के बाद अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी का मानना है कि देवघर से राज्य के 24 जिलों के बूथ कार्यकर्ताओं तक एक मजबूत संदेश जाएगा, जिससे संगठन को नई दिशा और गति मिलेगी। संथाल पर विशेष ध्यान देने के साथ भाजपा इस रणनीति को पश्चिम बंगाल तक प्रभाव बढ़ाने के अवसर के रूप में भी देख रही है। नए कार्यालय और कार्यकर्ता संवाद के माध्यम से पार्टी ने संकेत दिया है कि वह अब संगठन विस्तार को लेकर पूरी तरह आक्रामक मोड में है।



