Ranchi : झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुक्रवार से शुरू हुआ। पहले दिन सदन ने दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी। पिछले सत्र से अब तक गुजर चुके राजनेता, कलाकार, समाजसेवी और आम नागरिकों की आत्मा की शांति के लिए सदन में मौन रखा गया। इसके बाद कार्यवाही सोमवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत अन्य सदस्यों ने सभी दिवंगतों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सत्र के दौरान आठ दिसंबर को अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा।
विधि व्यवस्था पर विशेष चर्चा की मांग
सत्र की तैयारी को लेकर गुरुवार को विधानसभा अध्यक्ष ने सर्वदलीय बैठक बुलाई। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने विधि व्यवस्था पर चिंता जताते हुए विशेष चर्चा की मांग रखी, लेकिन इस पर सहमति नहीं बन पाई। स्पीकर ने इसे कार्यमंत्रणा समिति को भेजने का फैसला किया।
बैठक में सीपीआई (एमएल) विधायक अरूप चटर्जी और आजसू विधायक निर्मल महतो ने बताया कि मरांडी ने सत्र की अवधि बढ़ाने की भी मांग की, लेकिन उस पर भी सहमति नहीं बनी। बैठक में कंबल वितरण, धान की खरीदारी में देरी, ठेकेदारों को भुगतान न होने से विकास कार्यों में बाधा जैसी समस्याओं पर भी चर्चा हुई।
सत्र के दिनचर्या का विवरण
-
8 दिसंबर: अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा।
-
9 दिसंबर: प्रश्नकाल और व्यय विवरणी पर वाद-विवाद होगा।
-
10 दिसंबर: प्रश्नकाल के साथ कुछ विधेयक पेश किए जाएंगे।
-
11 दिसंबर: अंतिम दिन गैर-सरकारी संकल्प और अधूरी विधेयकों का प्रस्तुतिकरण होगा।
सत्र के दौरान सदस्यों का ध्यान बजट, विकास कार्य और जनहित से जुड़े मुद्दों पर रहेगा।



