Ranchi: झारखंड सरकार की पहली वर्षगांठ पर शुक्रवार को मोराबादी मैदान में आयोजित होने वाले नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। गुरुवार को पुलिस महानिरीक्षक दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र मनोज कौशिक ने सभी वरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था, बल तैनाती और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रम के शांतिपूर्ण संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में एसएसपी राकेश रंजन, ग्रामीण व नगर पुलिस अधीक्षक, यातायात पुलिस अधीक्षक और सभी अनुमंडल पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में वीआईपी मूवमेंट, स्टेज एरिया सुरक्षा, पार्किंग प्रबंधन और कार्यक्रम स्थल के आसपास बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सभी टीमें सतर्क रहें।
कार्यक्रम के कारण शुक्रवार को रांची की यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किए गए हैं। सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा एसएसपी आवास से मोराबादी टीओपी की ओर जाने वाला मार्ग सामान्य वाहनों के लिए बंद रहेगा। भीड़ और दबाव को देखते हुए आवश्यक होने पर कुछ और मार्गों में अस्थायी बदलाव किए जा सकते हैं।
समारोह में आने वाले लोगों के लिए रांची कॉलेज परिसर, डीआईजी ग्राउंड, आर्मी मैदान और टीआरआई मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे आवश्यक होने पर ही मोराबादी क्षेत्र की ओर जाएं और यातायात सुचारू रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। कार्यक्रम के दौरान पूरे इलाके में बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे।



