Dhanbad : धनबाद होकर चलने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। रेलवे ने जानकारी दी है कि जम्मूतवी-शक्तिपुंज एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चलेंगी। धनबाद-हावड़ा रेलमार्ग पर दुर्गापुर स्टेशन में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि यात्रा से पहले अपडेट की जांच अवश्य करें।
रेलवे ने बताया कि नवंबर माह के कुछ दिनों में रद्द की गई ट्रेनों की सेवाएं अब पुनर्बहाल कर दी गई हैं। 18 और 20 नवंबर को 22911 इंदौर-हावड़ा शिप्रा एक्सप्रेस तथा 20 और 22 नवंबर को 22912 हावड़ा-इंदौर शिप्रा एक्सप्रेस अब अपने निर्धारित समय पर चलेंगी। इसी प्रकार 22 नवंबर को 11447 जबलपुर-हावड़ा शक्तिपुंज एक्सप्रेस भी नियत तिथि पर चलेगी।
इसके अलावा, 23 नवंबर को चलने वाली 22304 गया-हावड़ा वंदेभारत एक्सप्रेस, 12259 सियालदह-बीकानेर दुरंतो एक्सप्रेस और 12313 सियालदह-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस अपने पूर्व निर्धारित मार्ग और समय से ही परिचालित होंगी। यात्रियों को राहत है कि इन ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से किया जाएगा।
वहीं, 21 नवंबर को 13152 जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस 300 मिनट, 22 नवंबर को 12988 अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस 290 मिनट और 12354 लालकुआं-हावड़ा एक्सप्रेस 135 मिनट देरी से चलेगी। इसके अतिरिक्त, 23 नवंबर को 11448 हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस 135 मिनट और 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस 150 मिनट विलंब से रवाना होगी।
धनबाद से हावड़ा के बीच चलने वाली ब्लैक डायमंड और कोलफील्ड एक्सप्रेस को रद्द किया गया है। ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस 22 और 23 नवंबर को तथा कोलफील्ड एक्सप्रेस 24 नवंबर को रद्द रहेगी। वापसी में हावड़ा से धनबाद के लिए ब्लैक डायमंड एक्सप्रेस 23 और 24 नवंबर को तथा कोलफील्ड एक्सप्रेस 23 नवंबर को रद्द रहेगी। यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।



