Khunti: खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड स्थित बहुउद्देशीय प्रार्थमिक सहकारी समिति लिमिटेड कर्रा में सोमवार को बीज वितरण केन्द्र का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर कर्रा प्रखंड की प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) स्मिता नगेशिया, झामुमो केन्द्रीय सदस्य मकसूद अंसारी, सांसद प्रतिनिधि विक्रम नाग, झामुमो अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष शेख फिरोज, झामुमो जिला उपाध्यक्ष राहुल केशरी एवं स्थानीय मुखिया रश्मि लकड़ा ने संयुक्त रूप से किसानों को बीज वितरण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर बीडीओ स्मिता नगेशिया ने कहा कि सरकार किसानों के हित में लगातार योजनाएं चला रही है ताकि खेती में आधुनिकता लाई जा सके और उत्पादन में वृद्धि हो। सहकारी समिति के माध्यम से बीज वितरण से किसानों को आसानी से गुणवत्तापूर्ण बीज सुलभ दर पर उपलब्ध होगा, जिससे फसल की उपज बेहतर होगी।
बीज वितरण केन्द्र के माध्यम से किसानों को 50 प्रतिशत अनुदानित दर पर बीज उपलब्ध कराया जाएगा। समिति में गेहूं एचडी 2967 किस्म का बीज ₹1987.50 प्रति क्विंटल तथा चना जीएनजी 2171 किस्म का बीज ₹51.45 प्रति किलोग्राम की दर से किसानों को प्रदान किया जा रहा है। इस योजना से क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान झामुमो केन्द्रीय सदस्य मकसूद अंसारी ने कहा कि सहकारी समिति किसानों की रीढ़ है, इसके माध्यम से किसान संगठित होकर कृषि कार्यों में आत्मनिर्भर बन सकते हैं। वहीं सांसद प्रतिनिधि विक्रम नाग ने कहा कि किसानों को अनुदानित बीज वितरण से खेती की लागत में कमी आएगी और उनकी आय में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम में बीसीओ लक्ष्मीपति भगत, सचिव लालू महतो, बीएओ घनश्याम ओहदार, कृषि मित्र पीटर बारला, हर्षित केशरी, प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित रहे। किसानों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कदमों से खेती में नई ऊर्जा का संचार होगा और कृषि उत्पादन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
इस प्रकार बहुउद्देशीय प्राथमिक सहकारी समिति लिमिटेड कर्रा में शुरू हुआ बीज वितरण केन्द्र क्षेत्र के किसानों के लिए एक नई सौगात साबित होगा।



