Chaibasa: पुलिस ने सोमवार को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के टोन्टो पुलिया के पास एक व्यक्ति को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और दो मैगजीन बरामद किए। यह गिरफ्तारी संभावित बड़ी वारदात को विफल करने में महत्वपूर्ण साबित हुई है।
जानकारी के अनुसार, मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम सरायकेला की ओर से आने वाले वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। जांच में उसके पास से लोडेड पिस्टल और कारतूस बरामद हुए। आरोपी की पहचान रमेश दास (44) के रूप में हुई, जो पश्चिम सिंहभूम जिले के गुटूसाई तुरीटोला गांव का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रमेश दास अवैध हथियार के बारे में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन और बाइक को जब्त कर लिया है।
इस मामले में मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 180/25, दिनांक 10.11.2025 को आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26/35 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ने बताया कि आरोपी जमीन कारोबार से जुड़ा हुआ है और उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
चाईबासा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना चाईबासा पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9508243586 या डायल 112 पर दी जा सकती है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



