Deoghar : बिहार विधानसभा चुनाव के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मंगलवार रात देवघर पहुंचे। वे मोहनपुर प्रखंड के चोपड़ा मोड़ स्थित एक होटल में रुके, जहां देर रात तक पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं के साथ बैठक चली। बुधवार सुबह तेजस्वी यादव ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और देवघर एयरपोर्ट से पूर्णिया के लिए रवाना हो गए।
प्रस्थान से पहले मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता ने इस बार बदलाव का मन बना लिया है। उन्होंने दावा किया, “महागठबंधन की सरकार बन रही है। पहले चरण में ही एनडीए सरकार को उखाड़ फेंकने का काम किया गया है।” तेजस्वी ने कहा कि जनता इस बार बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ वोट कर रही है।
होटल में हुई बैठक में सीमित सदस्यों के साथ चुनावी रणनीति और आगामी रैलियों पर चर्चा की गई। सूत्रों के अनुसार, तेजस्वी ने नेताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रहने और मतदाताओं के बीच सीधा संवाद बढ़ाने के निर्देश दिए। कार्यकर्ताओं ने भी चुनाव अभियान को तेज करने का संकल्प लिया।
देवघर से रवाना होने से पहले तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के ग्रामीण और शहरी दोनों वर्गों के मतदाता इस बार महागठबंधन के पक्ष में एकजुट हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब ठोस विकास और रोजगार चाहती है, न कि सिर्फ घोषणाएं और भाषण।
तेजस्वी के इस दौरे ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया है। स्थानीय नेताओं ने कहा कि देवघर में हुई यह बैठक आगामी चरणों में महागठबंधन की रणनीति को और मजबूती देगी। पूर्णिया पहुंचकर तेजस्वी की कई जनसभाएं और रोड शो निर्धारित हैं, जिनमें वे एनडीए के खिलाफ आक्रामक प्रचार करेंगे।



