Dhanbad : धनबाद के बाघमारा अनुमंडल स्थित बीसीसीएल एरिया-4 के लकड़का 8 नंबर बंद चानक में शुक्रवार देर शाम अचानक लगी आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। कतरी नदी किनारे बसे इस क्षेत्र में आग की ऊंची लपटें और काले धुएं के गुबार ने आसमान को ढक लिया। पिछले कई दिनों से भूमिगत कोयला परतों में सुलग रही आग अब सतह पर फैल गई है।
घने धुएं और जहरीले गैसों के कारण आसपास की आबादी में दहशत फैल गई है। हवा में तैरते सूक्ष्म कण और दुर्गंध के कारण लोग घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं। कई घरों में धुआं भर गया है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को सांस लेने में भारी परेशानी हो रही है। रात के समय हवा की दिशा बदलने पर स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग का दायरा लगातार बढ़ रहा है। भूमिगत लपटें अब खेतों और घरों के आसपास तक पहुंचने लगी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर आग को तुरंत नहीं बुझाया गया, तो पूरा इलाका खतरे में पड़ सकता है। लोगों ने इसे एक गंभीर पर्यावरण और स्वास्थ्य संकट बताया है।
ग्रामीणों ने बीसीसीएल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई दिनों से आग फैलती जा रही है, लेकिन न तो अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और न ही नियंत्रण के लिए कोई ठोस कदम उठाया गया। बीसीसीएल की ओर से किसी तकनीकी या दमकल टीम की तैनाती तक नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बीसीसीएल से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि आग और धुआं जल्द नियंत्रित नहीं किया गया, तो वे सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। लोगों ने प्रशासन से विशेषज्ञ टीम भेजने, प्रभावित इलाकों में राहत कार्य शुरू करने और स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने की मांग की है।



