Palamu : झारखंड के पेंशनभोगियों के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें अपने जीवन प्रमाण पत्र (Life Certificate) के लिए सरकारी दफ्तरों या बैंकों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। झारखंड सरकार और डाक विभाग ने मिलकर वीडियो कॉल और घर-घर सेवा के माध्यम से यह सुविधा शुरू की है।
डाक विभाग और इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) ने पूरे देश में ‘डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट अभियान 4.0’ की शुरुआत की है। इसके तहत अब पोस्टमैन और ग्रामीण डाक सेवक पेंशनर्स के घर जाकर बायोमैट्रिक या फेस ऑथेंटिकेशन के जरिये जीवन प्रमाण पत्र तैयार कर रहे हैं। इस सेवा का शुल्क मात्र ₹70 रखा गया है।
इस नई सुविधा से लाखों पेंशनर्स, विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों को राहत मिलेगी। अब उन्हें लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा और न ही दस्तावेज़ सत्यापन के लिए बार-बार कार्यालय जाना होगा।
अभियान पूरी तरह डिजिटल, सुरक्षित और पारदर्शी है। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के लिए पेंशन प्रक्रिया को सरल बनाना और ‘डिजिटल इंडिया’ मिशन को और सशक्त करना है।
पलामू डाक प्रभाग ने सभी पेंशनर्स से अपील की है कि वे अपने नजदीकी डाकघर या इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक प्रतिनिधि से संपर्क कर इस सेवा का लाभ उठाएं।
इसी कड़ी में प्रधान डाकघर, डाल्टेनगंज में 7 नवंबर 2025 को एक विशेष शिविर (कैंप) आयोजित किया जाएगा, जहाँ सभी पेंशनर्स अपने जीवन प्रमाण पत्र ऑन-द-स्पॉट बनवा सकेंगे।



