Jamtara: नारायणपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय आमजोरा में छात्रा से छेड़खानी के आरोप में प्रभारी शिक्षक को ग्रामीणों ने पकड़कर जमकर पिटाई की। आक्रोशित ग्रामीणों ने उसे करीब पांच घंटे तक बंधक बनाकर रखा और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी शिक्षक पर इससे पहले भी अशोभनीय व्यवहार और वाट्सएप पर अश्लील चैट के आरोप लग चुके हैं। दो बार उसे चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने फिर वही हरकत दोहराई, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शिक्षक को भीड़ से छुड़ाकर थाना लाई। फिलहाल शिक्षक से पूछताछ जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक की वजह से विद्यालय का माहौल खराब हो रहा था और छात्राएं असुरक्षित महसूस कर रही थीं। वे आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पीड़ित पक्ष का बयान दर्ज किया जाएगा। साक्ष्य मिलने पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, वहीं अभिभावक वर्ग ने भी विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग उठाई है।



