Bokaro : बोकारो थर्मल पावर प्लांट के सप्लाई मजदूरों की यूनियन झारखंड श्रमिक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से रांची में मिला। गणेश राम के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीवीसी के मजदूरों की समस्याओं को लेकर मंत्री को सात सूत्री मांग पत्र सौंपा।
मजदूर यूनियन ने कहा कि पावर प्लांट में बिजली उत्पादन व्यवस्था को सुचारू रखने में सप्लाई मजदूरों की अहम भूमिका है, लेकिन डीवीसी प्रबंधन उनके साथ अन्यायपूर्ण रवैया अपना रहा है। उन्हें स्थायी कर्मियों के समान सुविधाएं और वेतनमान नहीं मिल रहा है।
संघ ने बताया कि हाल ही में मजदूरों के ऊर्जा भत्ते में कटौती की गई है। साथ ही प्रबंधन ने स्मार्ट मीटर लगाकर अतिरिक्त बिजली बिल वसूली शुरू कर दी है, जिससे मजदूरों में भारी नाराजगी है।
सात सूत्री मांगों में स्थायी कर्मियों के समान ऊर्जा भत्ता देने, बिजली बिल की कटौती बंद करने, स्मार्ट मीटर से वसूले जा रहे शुल्क को रद्द करने और इन्सेंटिव भुगतान का लाभ देने की मांग शामिल है।
इसके अलावा सुपर हॉस्पिटल की सुविधा, सेवानिवृत्त मजदूरों को तीन माह में इपीएफ, ग्रेच्युटी और पेंशन देने तथा बकाया ग्रेच्युटी भुगतान शीघ्र करने की भी मांग की गई है। मजदूरों ने कहा कि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि सभी मांगों पर गंभीरता से विचार होगा। उन्होंने कहा कि 10 दिनों के भीतर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में डीवीसी चेयरमैन के साथ बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें मजदूरों की समस्याओं पर चर्चा कर ठोस समाधान निकाला जाएगा।



