Gumla: लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने और देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों की शौर्य गाथा को याद करते हुए आज 20 अक्टूबर 2025 को 94 बटालियन सीआरपीएफ (झारखंड) की ओर से लॉयंस मेमोरियल हाई स्कूल, कामडारा, गुमला में शहीद हवलदार (जीडी) इमानुएल तोपनो के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर 94 बटालियन सीआरपीएफ के उप कमांडेंट जयप्रकाश सिंह सहित जवानों, स्थानीय ग्रामीणों और विद्यालय के शिक्षकों ने शहीद तोपनो को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहीद तोपनो ने असम में दी थी सर्वोच्च बलिदान
बताया गया कि 23वीं बटालियन सीआरपीएफ में तैनाती के दौरान 20 अक्टूबर 1995 को असम राज्य के कोकराझार जिले में उग्रवादियों के खिलाफ चलाए गए एक विशेष अभियान में हवलदार इमानुएल तोपनो ने अपने प्राणों की आहुति दे दी थी।
अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और उग्रवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई थी। फायरिंग के दौरान हवलदार तोपनो ने वीरतापूर्वक लड़ते हुए देश की रक्षा के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया और वीरगति को प्राप्त हुए। 
कार्यक्रम में पुष्पांजलि अर्पित कर दी गई श्रद्धांजलि
समारोह में उप कमांडेंट जयप्रकाश सिंह ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। उन्होंने कहा कि शहीद इमानुएल तोपनो देशभक्ति और राष्ट्रहित के लिए सच्चे प्रेरणास्रोत हैं, जिन्होंने अपना सर्वस्व देश के लिए समर्पित कर दिया।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सच्चा देशभक्त वही है जो अपने कर्तव्यों का निष्ठा और ईमानदारी से पालन करता है। कार्यक्रम में शहीद तोपनो की पत्नी बाहलेन तोपनो को सम्मानित किया गया तथा परिवार की समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
सीआरपीएफ ने जताया गर्व
सीआरपीएफ अधिकारियों ने कहा कि देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों पर बल को गर्व है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल हमेशा ऐसे वीर सपूतों को सम्मान देता रहेगा और उनकी स्मृतियों को जीवित रखने के लिए तत्पर रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर 94 बटालियन सीआरपीएफ के उप कमांडेंट जयप्रकाश सिंह, सीआरपीएफ के अन्य अधिकारी-कर्मी, स्थानीय ग्रामीण विद्यालय परिसर में उपस्थित रहे। सभी ने शहीद इमानुएल तोपनो के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।



