Jamshedpur: शहर की ट्रैफिक पुलिस को बुधवार को मजदूरों से पंगा लेना भारी पड़ गया। परडीह चेकपोस्ट पर कागजात की जांच को लेकर हुए विवाद के बाद मजदूर सड़क पर उतर आए और धरना देने लगे। इससे सड़क पर अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बन गई।
घटना उस वक्त की है जब चांडिल से जमशेदपुर के बावनगोड़ा जा रहे मजदूरों से भरा एक पिकअप वाहन परडीह चेक पोस्ट पर ट्रैफिक पुलिस ने रोक दिया। पुलिसकर्मियों ने वाहन चालक से गाड़ी के कागजात मांगे, जो तत्काल नहीं दिखा पाने पर विवाद बढ़ गया। मजदूरों के अनुसार, पुलिस ने चालक के साथ मारपीट भी की, जिसके बाद वे आक्रोशित हो उठे।

मजदूर बोले – “हर दिन ओवरलोड का हवाला देकर वसूली होती है” मौके पर मौजूद मजदूरों ने आरोप लगाया कि ट्रैफिक पुलिस अक्सर कागजात या ओवरलोडिंग के नाम पर उन्हें परेशान करती है। उनका कहना था कि जब भी वे रोज़गार के लिए शहर की ओर आते हैं, ट्रैफिक पुलिस गाड़ी रोककर जुर्माना वसूलती है, जिससे उनका काम छूट जाता है और रोज़ी-रोटी पर असर पड़ता है।
मजदूरों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी “हाजिरी” यानी उस दिन के काम का भुगतान सुनिश्चित नहीं किया जाएगा, तब तक वे जाम नहीं हटाएंगे। प्रदर्शन के चलते आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस कैमरे से बचती रही
जब मीडिया ने इस मामले पर ट्रैफिक पुलिस का पक्ष जानने की कोशिश की, तो मौके पर मौजूद अधिकारी कैमरे के सामने आने से बचते नजर आए।
समाचार लिखे जाने तक परडीह चेकपोस्ट पर मजदूरों का धरना जारी था और यातायात पूरी तरह बाधित था। स्थानीय प्रशासन स्थिति को सामान्य करने की कोशिशों में जुटा हुआ है।



