Khunti : राहुल मांझी मौत मामले को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज मुरहू थाना परिसर में सैकड़ों ग्रामीणों ने थाना का घेराव किया। इस घेराव में मेराल गांव के अलावा आसपास के गांवों के लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचे और मृतक के परिजनों के साथ न्याय की मांग उठाई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जब राहुल मांझी को पुलिस हाजत में रखा गया था, उस समय से लेकर उसकी मौत की घटना तक का पूरा सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक किया जाए। साथ ही उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि आखिर राहुल को पुलिस के हवाले किसने किया और किस कारण से उसे पकड़ा गया। ग्रामीणों का कहना है कि उन सभी लोगों के नाम और कारणों की जानकारी परिजनों और आम जनता के सामने स्पष्ट की जानी चाहिए।
इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने मुरहू थाना प्रभारी के निलंबन पर भी सवाल उठाए। ग्रामीणों ने मांग की कि थाना प्रभारी को निलंबित करने के पीछे की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। 
थाना घेराव के दौरान ग्रामीणों और परिजनों ने दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। फिलहाल ग्रामीण मुरहू थाना परिसर में ही डटे हुए हैं और प्रशासन से अपनी मांगों पर ठोस जवाब की प्रतीक्षा कर रहे हैं।



