Bokaro : बोकारो के को-ऑपरेटिव कॉलोनी में अवैध देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 28 सितंबर 2025 को एसपी हरविंदर सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
सूचना मिलने के बाद नगर पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने संध्या समय प्लॉट संख्या-155 पर छापा मारा और मौके से दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार किए गए आरोपी हैं शनि कुमार (26) निवासी को-ऑपरेटिव कॉलोनी, बोकारो और निखत प्रवीण (26) निवासी खिदिरपुर, कोलकाता। पूछताछ में शनि कुमार ने स्वीकार किया कि वह कोलकाता से महिलाओं को बुलाकर अपने किराए के मकान में देह व्यापार करवाता था।
निखत प्रवीण भी इस अवैध गतिविधि में शामिल थी। पुलिस ने बताया कि निखत महिलाओं को लाने और रैकेट चलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती थी। दोनों आरोपियों से आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई।
जाँच के दौरान पुलिस ने 10 कंडोम और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया। आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धाराओं 3, 4, 5, 6 और 7 के तहत प्राथमिकी संख्या 212/25 दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने बताया कि शहर में ऐसी अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि बोकारो को अपराधमुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



