Khunti: खूंटी जिला युवा कांग्रेस ने आज भगत सिंह चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ ज़ोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष पद के उम्मीदवार आमिर हुसैन ने किया। इस दौरान युवा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बेरोज़गारी की समस्या को लेकर केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और युवाओं को तत्काल रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की।
आमिर हुसैन ने कहा कि आज देश का युवा उच्च शिक्षा और डिग्री हासिल करने के बावजूद बेरोज़गार घूमने को मजबूर है। उन्होंने कहा, “कई नौजवान अच्छे अंकों से पढ़ाई पूरी करने के बाद भी नौकरी के लिए भटक रहे हैं। कोई मज़दूरी कर रहा है, तो कोई चाय बेचने या दुष्का-गुलगुला जैसे पकवान बेचकर जीवनयापन कर रहा है। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है।”
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए तत्काल ठोस कदम उठाए जाएं और बड़े पैमाने पर रोज़गार सृजन की दिशा में ठोस नीतियां बनाई जाएं। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने केंद्र सरकार के खिलाफ ज़ोरदार नारेबाज़ी की और बेरोज़गारी के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए तत्काल समाधान की मांग रखी। 
युवा कांग्रेस नेताओं का कहना था कि यदि सरकार समय रहते रोजगार की समस्या का समाधान नहीं करती तो आने वाले समय में यह आंदोलन और व्यापक रूप लेगा।



