Khunti : जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मंगलवार को हुई दो हत्याओं से इलाके में दहशत फैल गई है। एक घटना सायको थाना क्षेत्र के गुटूहातु गुडुबुरु गांव में हुई, जबकि दूसरी वारदात तपकरा थाना क्षेत्र के कामडा पंचायत अंतर्गत डिगरी गांव में सामने आई। दोनों ही मामलों में पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
गुटूहातु गुडुबुरु में महिला की हत्या
मिली जानकारी के अनुसार, सायको थाना क्षेत्र के गुटूहातु गुडुबुरु गांव की लगभग 50 वर्षीय लुकी देवी की मंगलवार की शाम अज्ञात अपराधियों ने निर्मम हत्या कर दी। बताया जाता है कि घटना शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच की है। लुकी देवी अपने घर में अकेली रहती थीं। उनकी एक बेटी है जिसकी शादी हो चुकी है और वह ससुराल में रहती है। 
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अपराधियों ने महिला पर धारदार हथियार से हमला किया। टांगी और कुदाल जैसे औजारों से किए गए हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।
डिगरी गांव में युवक की संदिग्ध मौत
वहीं दूसरी घटना तपकरा थाना क्षेत्र के कामडा पंचायत अंतर्गत डिगरी गांव में हुई, जहां लगभग 35 वर्षीय पास्कल भेंगरा मृत पाया गया। पास्कल अपने परिवार में अकेले रहते थे और राजमिस्त्री का काम करते थे।
गांव के ग्राम प्रधान प्रीतम तोपनो ने बताया कि पास्कल का किसी से कोई विवाद नहीं था। प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात अपराधियों ने उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। सायको और तपकरा थाना क्षेत्र की पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए छानबीन जारी है।
लगातार दो हत्याओं की खबर से खूंटी जिले के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही इन दोनों मामलों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।



