Dhanbad: धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र के कोराडी कोला कुसमा में सोमवार सुबह छेड़खानी का मामला हिंसक झगड़े में बदल गया। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया कि पूजा करने के लिए जाते समय उसके चचेरे ससुर ने पीछे से पकड़ लिया। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने अपनी पत्नी और बेटे के साथ मिलकर महिला के परिवार पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले में महिला, उसका पति, ससुर और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना में पति की पीठ और जांघ पर चोट आई, जबकि महिला और उसके बेटे के सीने में चोटें लगीं। चारों घायलों को शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी 2016 से ही उसके प्रति गलत नीयत रखता है। इस मामले में कई बार थाने में शिकायत भी की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सरायढेला थाना प्रभारी नूतन मोदी ने बताया कि यह मामला पुरानी घरेलू रंजिश से जुड़ा हुआ है। दोनों पक्षों के बीच अब तक 5-6 मामले दर्ज हो चुके हैं और वे अक्सर आपस में भिड़ जाते हैं। पुलिस ने कहा कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी परिवार पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।



