Gumla: गुमला थाना क्षेत्र के चुहरू गांव में बुधवार शाम अचानक गिरी बिजली ने 55 वर्षीय सूना उरांव और 7 वर्षीय संगम उरांव की जान ले ली। वहीं, सूना उरांव की 5 वर्षीय नतिन अक्षिता कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
स्कूल से लौटते वक्त हुआ हादसा
सूना उरांव अपनी नतिन अक्षिता को कीता स्थित शांति निकेतन स्कूल से लेने गए थे। लौटते समय उन्होंने रास्ते में संगम उरांव को भी साथ लिया। तीनों बरांग जाने वाले पुल के पास पहुंचे ही थे कि तेज बारिश के बीच अचानक बिजली गिरी। इस हादसे में सूना और संगम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अक्षिता गंभीर रूप से झुलस गई।
ग्रामीणों ने पहुंचाई मदद
घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मृतकों को पास के गोबर के गड्ढे में रखा। घायल अक्षिता को संभालकर एम्बुलेंस से गुमला सदर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने सूना और संगम को मृत घोषित किया। घायल बच्ची का इलाज अस्पताल में जारी है।



