Hazaribagh: जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र के सिरसी डामोडीह गांव में मंगलवार सुबह एक बड़ा लूटकांड हुआ। हथियारबंद दो बदमाशों ने एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) से 2 लाख 52 हजार रुपए लूट लिए और भागने से पहले शटर को बाहर से बंद कर दिया।
घटना उस समय हुई जब सीएसपी संचालिका खेलांति कुमारी पूजा कर रही थीं। तभी दो युवक ग्राहक बनकर सेंटर में पहुंचे और पिस्टल दिखाकर नकदी लूट ली। संचालिका ने बताया कि एक बदमाश ने उनके सिर पर पिस्टल सटा दी और मुंह बंद कर बैग में रखे रुपए उठा लिए। जाते-जाते दोनों ने उन्हें जमीन पर गिरा दिया और शटर बाहर से बंद कर फरार हो गए।

लूट की घटना होते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। हालांकि वारदात इतनी तेजी से हुई कि कोई भी अपराधियों को पहचान नहीं सका।
सूचना मिलते ही कटकमदाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राय ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के गांवों में छापेमारी की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से उनकी तलाश की जा रही है।
फिलहाल इलाके में इस घटना से दहशत का माहौल है और पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।



