Koderma: जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के ढोढाकोला में सोमवार दोपहर बिजली मरम्मत के दौरान 22 वर्षीय सिंटू विश्वकर्मा की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार और ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे कुछ घरों की बिजली खराब होने की शिकायत मिली थी। सिंटू अपने साथी दशरथ विश्वकर्मा के साथ मौके पर पहुंचा। दशरथ ने स्थानीय पावर सब स्टेशन को फोन कर बिजली सप्लाई काटने का अनुरोध किया और पुष्टि मिलने के बाद सिंटू पोल पर चढ़ गया।
काम शुरू करते ही अचानक उसे तेज झटका लगा और वह पोल से नीचे स्थित चापानल पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक पिछले चार वर्षों से बिजली मरम्मत का काम कर रहा था। घटना के बाद परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का कहना है कि सूचना देने के बावजूद विभाग ने समय पर बिजली सप्लाई नहीं रोकी, जिसके कारण सिंटू की जान गई।
आक्रोशित परिजनों ने घटना की जिम्मेदारी तय करने और मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने भी बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, स्थानीय प्रशासन ने कहा है कि परिजनों को हर संभव मदद दी जाएगी।



