Mumbai. टीवी इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर सीरियल पवित्र रिश्ता में अंकिता लोखंडे की बहन का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस प्रिया मराठे का 38 साल की उम्र में निधन हो गया है। वे लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं।
जानकारी के मुताबिक, प्रिया ने रविवार 31 अगस्त 2025 को मुंबई के मीरा रोड स्थित अपने घर पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से टीवी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। फैंस और सहकर्मी कलाकार स्तब्ध हैं।

प्रिया मराठे ने पवित्र रिश्ता में वर्षा का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाई थी। इसके अलावा उन्होंने साथ निभाना साथिया, कसम से, उतरन, भाग रे मन और मराठी सीरियल्स तू तीथे में, चार दिवस सासूचे, स्वराज्यरक्षक संभाजी समेत कई चर्चित शोज में काम किया था।
उन्हें आखिरी बार मराठी शो Tuzech Mi Geet Gaat Aahe में देखा गया था, जो जून 2024 में ऑफ-एयर हुआ था। करीब एक साल से वे स्क्रीन से दूर थीं। सोशल मीडिया पर उनके 6.39 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे और उन्होंने 11 अगस्त 2024 को आखिरी पोस्ट किया था, जब वे जयपुर के आमेर फोर्ट घूमने गई थीं।

पर्सनल लाइफ की बात करें तो प्रिया ने साल 2012 में एक्टर शांतनु मोघे से शादी की थी। दोनों अक्सर अपनी तस्वीरें और रील्स इंस्टाग्राम पर साझा करते रहते थे। उनके फैंस उनकी जोड़ी को काफी पसंद करते थे।
प्रिया मराठे की असमय मृत्यु ने टीवी और मराठी इंडस्ट्री को बड़ा झटका दिया है। इंडस्ट्री के सितारे और उनके प्रशंसक सोशल मीडिया पर लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।



