Dhanbad: झारखंड के धनबाद जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जियलगोरा के पास ऑटो और ट्रेलर की जोरदार टक्कर में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान राजमणि देवी के रूप में हुई है। वहीं घायल लोगों में ऑटो चालक समेत परिवार के अन्य सदस्य शामिल हैं। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग बोकारो जिले के चंदनकियारी थाना क्षेत्र के अमलाबाद के रहने वाले हैं। वे सासाराम-डेहरी में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे और धनबाद रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने जा रहे थे।
घटना के संबंध में घायल परिवार के मुखिया परमेश्वर ठाकुर ने बताया कि जियलगोरा के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो में सवार सभी लोग सड़क पर जा गिरे, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में परमेश्वर ठाकुर को सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज एसएनएमएमसीएच में चल रहा है। अन्य घायलों में कृष्ण कुमार ठाकुर, मौसम कुमारी और सोनम सुमन शामिल हैं, जिन्हें निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसे में एक महिला की मौत हुई है और छह लोग घायल हुए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


