Khunti: जिले के ग्रामीण इलाकों में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला रनिया थाना क्षेत्र के गढ़सीदम स्थित रायमुंडा जंगल से सामने आया है, जहां जंगली हाथी के हमले में एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत जलासार सरामोडा निवासी करीब 65 वर्षीय सामुएल पूर्ति के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सामुएल पूर्ति बीते शनिवार (2 मई) को घर से गढ़सीदम बाजार जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन इसके बाद वे वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच सोमवार को रायमुंडा जंगल में मवेशी चरा रहे चरवाहों की नजर एक शव पर पड़ी, जिसकी सूचना तत्काल वन विभाग और पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम ने शव की पहचान सामुएल पूर्ति के रूप में की। बताया जा रहा है कि जंगली हाथी ने उन्हें पटक-पटक कर मार डाला, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। शव करीब दो दिनों तक जंगल में ही पड़ा रहा।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, खूंटी भेज दिया है। वहीं वन विभाग की ओर से प्रभारी वनपाल अविनाश लुगुन ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पीड़ित परिवार को तत्काल 15 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि रनिया प्रखंड में इन दिनों जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से हाथियों के बढ़ते खतरे पर ठोस कदम उठाने और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।



