Khunti: कर्रा प्रखंड के गोविंदपुर पंचायत अंतर्गत गुस्सा अम्बा टोली में गुरुवार को आयोजित ग्रामसभा बैठक में ग्रामीणों ने सांसद प्रतिनिधि विक्रम नाग को आमंत्रित कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया। बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जहां लोगों ने अपनी समस्याओं को खुलकर रखा।

ग्रामीणों ने मुख्य रूप से जमीन के ऑनलाइन प्रक्रिया में आ रही दिक्कतें, सड़क और नाली निर्माण की कमी, बिजली आपूर्ति की अनियमितता, पेयजल संकट, आवास योजना का लाभ नहीं मिलना, वृद्धावस्था पेंशन में बाधाएं तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसरों की कमी जैसे गंभीर मुद्दे उठाए। ग्रामीणों का कहना था कि कई वर्षों से इन समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
सांसद प्रतिनिधि विक्रम नाग ने बैठक में उपस्थित सभी ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और एक-एक कर उनकी बातों को दर्ज किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रखंड एवं जिला स्तर पर संबंधित विभागों के समक्ष इन मुद्दों को उठाकर समाधान की दिशा में हर संभव प्रयास किया जाएगा। 
बैठक के दौरान उन्होंने गुस्सा अम्बा टोली में लंबे समय से सड़क और नाली का निर्माण नहीं होने पर चिंता जताई और इसे प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ होना आवश्यक है और इसके लिए जनप्रतिनिधि व प्रशासन मिलकर कार्य करेंगे।
बैठक में होरो पड़हा राजा नामजन होरो, ग्रामसभा अध्यक्ष सिमोन होरो, दिलीप होरो, सचिव जुदित होरो, निस्तार बारला, डहरू पाहन, भौवा होरो, निलमोती होरो, माईनन नाग, सुशील कन्डुलना, प्रकाश होरो, पौलुस होरो, गणेश मुंडा सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।



