Breaking News

मुख्यमंत्री सुरक्षा में तैनात आरक्षी के इकलौते पुत्र की डूबने से मौत

Khunti: झारखंड के खूंटी जिले स्थित रेमता डैम में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान विवेक राज के रूप में हुई है, जो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सुरक्षा में तैनात विशेष शाखा के आरक्षी ओमकार नाथ का इकलौता पुत्र था। ओमकार नाथ मूल रूप से बिहार के जहानाबाद जिले के उसरी थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, विवेक राज मंगलवार सुबह अपने फुफेरे भाई अक्षय राज (16 वर्ष) तथा दोस्तों कार्तिक कुमार और सक्षम सौरभ के साथ रांची से बाइक पर रेमता डैम घूमने के लिए निकला था। चारों युवक करीब 11 बजे डैम पहुंचे। वहां एक साल वृक्ष के नीचे बैठकर घर से लाया गया भोजन करने के बाद विवेक डैम के पानी में उतर गया।

बताया जाता है कि विवेक पानी की गहराई का अंदाजा लगाने के दौरान अचानक गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए अक्षय राज भी तुरंत पानी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी डूबने लगा। स्थिति गंभीर होते देख कार्तिक और सक्षम ने सूझबूझ दिखाते हुए अक्षय को किसी तरह बाहर निकाल लिया, लेकिन तीनों मिलकर भी विवेक को नहीं बचा सके। देखते ही देखते वह गहरे पानी में समा गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर खूंटी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से डैम में खोजबीन शुरू की गई। काफी देर तक तलाश के बावजूद विवेक का पता नहीं चल सका।

शाम करीब 6 बजे एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सघन तलाशी अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने डैम से विवेक राज का शव बरामद कर लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही खूंटी के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग, अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, एसडीपीओ वरुण रजक सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।

शव बरामद होने के बाद खूंटी थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेजा। देर शाम पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बताया जाता है कि विवेक राज पढ़ाई में काफी मेधावी था और वह जेईई मेन्स की तैयारी कर रहा था। इस हादसे से परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं क्षेत्र में भी शोक की लहर है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post