Khunti: खूंटी जिले के नये पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने आज विधिवत रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। निवर्तमान पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने उन्हें सभी प्रशासनिक जिम्मेदारियां औपचारिक रूप से सौंप दीं। राज्य सरकार द्वारा हाल ही में बड़े स्तर पर किए गए आईपीएस अधिकारियों के तबादले के तहत यह बदलाव किया गया है। 
तबादले के क्रम में पूर्व एसपी मनीष टोप्पो को रांची स्थित स्टेट क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (SCRB) में पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थापित किया गया है, जबकि जमशेदपुर ग्रामीण के एसपी रहे ऋषभ गर्ग को खूंटी जिले की कमान सौंपी गई है।
खूंटी पहुंचने पर पुलिस मुख्यालय खूंटी में ऋषभ गर्ग को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया और संबंधित सभी प्रक्रियाएं पूरी कीं। पदभार संभालने के बाद पुलिस मुख्यालय के सभागार में जिले के सभी वरीय एवं कनिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों के साथ परिचय बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था की स्थिति पर संक्षिप्त चर्चा हुई।
ऋषभ गर्ग मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी हैं और आईपीएस अधिकारी के रूप में विभिन्न पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। हालांकि यह पहला अवसर है जब उन्हें किसी जिले में पुलिस अधीक्षक के रूप में स्वतंत्र जिम्मेदारी मिली है। खूंटी के वे सोलहवें पुलिस अधीक्षक बने हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि खूंटी भगवान बिरसा मुंडा की पावन धरती है, जिसकी पहचान देश ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में है। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पहले जिले की स्थिति चुनौतीपूर्ण थी, लेकिन अब हालात में काफी सुधार हुआ है। उनका लक्ष्य खूंटी को पूरी तरह अपराधमुक्त बनाना है, जिसके लिए पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने विशेष रूप से सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या पर चिंता जताते हुए कहा कि जिले में एक्सीडेंट के मामलों को कम करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन, जागरूकता अभियान और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
नये एसपी ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ जनता का विश्वास जीतना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने जिलेवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पुलिस और जनता मिलकर खूंटी को सुरक्षित और विकसित जिला बनाने की दिशा में कार्य करेंगे।


