Palamu: झारखंड के पलामू जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में अब विकास की नई कहानी लिखी जाने वाली है। नावाबाजार प्रखंड से पांडु प्रखंड के कजरू कला तक सड़क निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने 103 करोड़ रुपये से अधिक की राशि को मंजूरी दे दी है।
यह इलाका कभी रेड कॉरिडोर के रूप में जाना जाता था, जहां नक्सल गतिविधियां काफी सक्रिय थीं। अब इस सड़क परियोजना के जरिए न सिर्फ कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
इस सड़क निर्माण को मंजूरी दिलाने में पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर इस परियोजना की जरूरत को प्रमुखता से रखा था।
केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सेंट्रल रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (CRIF) के तहत 23.615 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण के लिए 103.608 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। लंबे समय से इस सड़क की खराब स्थिति के कारण स्थानीय लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
सांसद विष्णुदयाल राम ने कहा कि सड़क बन जाने के बाद इलाके में आवागमन आसान हो जाएगा और विकास के नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नितिन गडकरी के प्रति आभार भी जताया।
इस सड़क के निर्माण से करीब 25 से अधिक गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। अभी कजरू कला तक पहुंचने के लिए लोगों को 60-65 किलोमीटर का लंबा सफर तय करना पड़ता है, जो सड़क बनने के बाद घटकर लगभग 40-45 किलोमीटर रह जाएगा।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इस परियोजना से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसर भी बेहतर होंगे, जिससे पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल सकती है।



