Giridihi: गिरिडीह में अवैध कोयला खनन और तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां चोर सुरंग बनाकर कोयला निकाल रहे थे। यह पूरा खेल रात के अंधेरे में चल रहा था, लेकिन पुलिस और सीसीएल की संयुक्त कार्रवाई ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
जानकारी के अनुसार, सीसीएल कोलियरी के कबरीबाद क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन की गतिविधियां चल रही थीं। हर रात कोयला चोर बाइक लेकर माइंस एरिया में पहुंचते और वहां से चोरी कर कोयला निकालकर तस्करी के लिए ले जाते थे।
सोमवार की रात भी दर्जनों तस्कर बाइक के साथ इलाके में पहुंचे थे। वे सुरंग के जरिए कोयला निकालकर उसे लोड करने की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक छापेमारी हो गई। इस कार्रवाई में सीसीएल के परियोजना पदाधिकारी जी.एस. मीणा और मुफ्फसिल थाना पुलिस की टीम शामिल थी।
![]()
अचानक पुलिस और प्रबंधन को सामने देखकर तस्करों में भगदड़ मच गई। सभी आरोपी अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। पुलिस ने मौके से कई बाइकों को जब्त कर लिया है।
सीसीएल अधिकारियों का कहना है कि लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इस तरह की चोरी करते हैं, क्योंकि सुरंग बनाकर खनन करना बेहद खतरनाक होता है। इसके बावजूद लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
मुफ्फसिल थाना प्रभारी Shyam Kishor Mahto ने बताया कि जब्त बाइकों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। सभी वाहन मालिकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और कोयला चोरी में शामिल लोगों को जल्द पकड़ा जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान चलाया जाएगा, ताकि इस तरह के अपराधों पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।



