Khunti: खूंटी जिले के मुरहू क्षेत्र में बीते 28 मार्च को दो समुदायों के बीच हुई झड़प के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति अब सामान्य होने लगी है। लगातार दो दिनों तक चले जिला बंद के बाद तीसरे दिन बाजार की दुकानें खुल गईं और जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। प्रशासन की पहल और दोनों पक्षों के बीच संवाद के बाद क्षेत्र में शांति बहाल होने का रास्ता साफ हुआ। 
दरअसल, 28 मार्च को हुए विवाद के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के विरोध में हिंदू पक्ष से जुड़े विभिन्न संगठनों ने खूंटी जिला बंद का आह्वान किया, जिसका असर दो दिनों तक देखने को मिला। इस दौरान मशाल जुलूस भी निकाला गया और गिरफ्तार युवाओं की रिहाई की मांग की गई। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन बंद किया जाएगा। 
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहल करते हुए दोनों समुदायों के सम्मानित लोगों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया। आयोजित बैठक में दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बातें प्रशासन के समक्ष रखीं। बैठक में जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सभी पक्षों को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से आश्वस्त किया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी और जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी। उन्होंने दोनों पक्षों से अपील की कि बंद वापस लेकर क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल करने में सहयोग करें। वहीं पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने भी कहा कि मामले की जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है और आगे भी निष्पक्षता बरती जाएगी। 
प्रशासन के इस आश्वासन के बाद दोनों समुदायों ने आपसी सहमति जताते हुए शांति बहाल करने का निर्णय लिया। इसके परिणामस्वरूप आज शाम से बंद वापस ले लिया गया और खूंटी में जनजीवन एक बार फिर सामान्य हो गया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के अलावा एसडीओ, एसडीपीओ, मुरहू अंचल अधिकारी, खूंटी थाना प्रभारी, खूंटी सीओ, भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, कांग्रेस सहकारिता प्रकोष्ठ के नईमुद्दीन खान, सफ़ीख खान, केंद्रीय रामनवमी महासमिति के जिलाध्यक्ष अनूप साहू, महामंत्री जितेंद्र कश्यप सहित कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मौजूद रहे।
प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से अब क्षेत्र में शांति और सामान्य स्थिति बहाल होने की उम्मीद जताई जा रही है।



