Koderma: झारखंड के कोडरमा जिले में जंगली हाथियों का आतंक तेजी से बढ़ता जा रहा है। बुधवार रात एक दर्दनाक घटना में हाथियों ने दो लोगों की जान ले ली, जिसके बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 8 बजे मरियमपुर इलाके के पास एक जंगली हाथी देखा गया। इसी दौरान हाथी ने पहले एक महिला पर हमला कर उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद जब स्थानीय लोग हाथी को भगाने की कोशिश कर रहे थे, तभी वह बोनाकाली महिला कॉलेज के पास पहुंच गया। यहां हाथी ने 40 वर्षीय बालेश्वर सोरेन पर हमला कर दिया और उन्हें भी कुचलकर मार डाला।
घटना के बाद कोडरमा नगर पंचायत क्षेत्र के बोनाकाली और मरियमपुर इलाके में लोगों के बीच भय का माहौल है। लोग अपने घरों से निकलने में भी डर रहे हैं, क्योंकि हाथी के आसपास के जंगलों में छिपे होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हाथियों को दूर तक खदेड़ने में सफल नहीं हो सकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक हाथी अभी भी मरियमपुर से सटे जंगलों में मौजूद है, जबकि हाथियों का एक झुंड बागीटांड और कोडरमा घाटी के जंगलों में देखा गया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग की तैयारी पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि टीम के पास हाथियों को भगाने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं और केवल टॉर्च के सहारे उन्हें खदेड़ने की कोशिश की जा रही है, जो नाकाफी है।
वन विभाग के रेंजर राम बाबू ने बताया कि हाथियों को ट्रैक कर उन्हें सुरक्षित स्थान की ओर खदेड़ने का प्रयास जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि मृतकों के परिजनों को सरकारी प्रावधान के तहत 4 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा, जबकि फिलहाल 25 हजार रुपये की तत्काल सहायता प्रदान की गई है।


