Khunti: खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड अंतर्गत कसीरा गांव में आज एक सराहनीय पहल के तहत निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर आई फोर्ट, खूंटी के नेत्र विशेषज्ञ डॉ. सुभाष कुमार एवं सिटी फाउंडेशन, कर्रा के संयुक्त प्रयास से आयोजित हुआ। शिविर में कसीरा सहित आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी आंखों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे।
लगभग 150 से अधिक लोगों की आंखों की जांच की गई। शिविर में पहुंचे मरीजों में मोतियाबिंद, दृष्टि कमजोर होना, आंखों में लाली, जलन, पानी आना जैसी विभिन्न नेत्र समस्याएं पाई गईं। विशेषज्ञ टीम द्वारा सभी मरीजों की बारीकी से जांच कर उचित परामर्श दिया गया।
मरीजों के चश्मे की आवश्यकताओ को देखते हुए उनकी आंखों की आधुनिक कंप्यूटराइज्ड मशीनों के माध्यम से जांच कर सही नंबर निर्धारित किया गया। इसके बाद उन्हें निःशुल्क चश्मा प्रदान किया गया। साथ ही जरूरतमंद मरीजों के बीच मुफ्त दवाइयों का भी वितरण किया गया, जिससे उन्हें तत्काल राहत मिल सके। 
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर बेहद लाभकारी साबित होते हैं, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं आसानी से उपलब्ध नहीं हो पातीं। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे शिविरों का आयोजन लगातार होता रहेगा।
शिविर के सफल आयोजन में आई फोर्ट की मेडिकल टीम एवं सिटी फाउंडेशन, कर्रा के सदस्यों की अहम भूमिका रही। उनके समर्पण और सेवा भावना ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।



