Khunti: खूंटी जिले में लोक आस्था का महापर्व चैती छठ पूरे श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। चार दिवसीय इस पावन पर्व के क्रम में आज खरना की पूजा की जा रही है, जिसके बाद व्रती 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू करेंगे। 
खरना के अवसर पर व्रती पूरे विधि-विधान से भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद व्रती अन्न-जल त्याग कर कठिन निर्जला व्रत का पालन करेंगे। कल शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि अगले दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन होगा।
खूंटी के विभिन्न नदी-तालाबों और छठ घाटों पर साफ-सफाई और सजावट का कार्य जोरों पर है। घाटों को आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है ताकि व्रतियों को पूजा में किसी प्रकार की असुविधा न हो। सुबह-शाम छठ गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है।
वहीं प्रशासन भी सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है। इस पावन अवसर पर लोग अपने परिवार की सुख-समृद्धि और समाज में खुशहाली की कामना कर रहे हैं, जिससे पूरे खूंटी जिले में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।



