Ranchi: रांची रेल मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे संपत्ति चोरी के एक संगठित गिरोह का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
यह कार्रवाई पवन कुमार के निर्देश पर की गई। 16 मार्च को पीआरएस कार्यालय, रांची से सूचना मिली थी कि रेलवे कोर्ट के पास स्थित एक भवन की खिड़की तोड़ दी गई है। इसके बाद आरपीएफ ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान 17 मार्च को निरीक्षक रांची के नेतृत्व में आरपीएफ पोस्ट और अपराध शाखा की संयुक्त टीम गठित की गई। गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने उत्तर रेलवे कॉलोनी के एक परित्यक्त क्वार्टर को चिन्हित कर वहां घेराबंदी की।
तलाशी अभियान के दौरान टीम ने पांच लोगों को रेलवे के विद्युत केबल काटते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से करीब 42 मीटर लंबा केबल बरामद किया गया। इसके अलावा दो हेक्सा ब्लेड और एक पेपर कटर भी जब्त किए गए, जिनका इस्तेमाल चोरी के लिए किया जा रहा था।
पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने स्वीकार किया कि इससे पहले भी वे पंप हाउस का ताला तोड़कर केबल चोरी कर चुके हैं और पीआरएस भवन में भी चोरी का प्रयास किया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल कच्छप, कृष्णा मुंडा, अनुज टोप्पो और लव मुंडा के रूप में हुई है। वहीं एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
आरपीएफ ने सभी आरोपियों के खिलाफ रेलवे संपत्ति (अनधिकार हस्तक्षेप) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। कमांडेंट पवन कुमार ने कहा कि रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


