Breaking News

खूंटी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक, रामनवमी, ईद और सरहुल पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने पर हुई चर्चा

Khunti: आगामी रामनवमी, ईद और सरहुल पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर सोमवार को खूंटी थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न धार्मिक-सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों तथा शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया और त्योहारों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं एवं सहयोग पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक, नगर पंचायत खूंटी की अध्यक्ष रानी टूटी, थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, नगर पंचायत एवं बिजली विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा केंद्रीय रामनवमी महासमिति, अंजुमन इस्लामिया तथा सरहुल शोभायात्रा महासमिति के पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। साथ ही भाजपा खूंटी जिलाध्यक्ष आनंद कुमार, पूर्व सांसद के प्रतिनिधि मनोज कुमार, संयुम अंसारी, अनूप साहू सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बैठक में सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने पर सहमति व्यक्त की। साथ ही त्योहारों के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभिन्न समितियों की ओर से प्रशासन के समक्ष कई सुझाव और मांगें रखी गईं।

अंजुमन इस्लामिया की ओर से सचिव खालिद हुसैन ने आगामी ईद पर्व को देखते हुए प्रशासन से मांग की कि त्योहार के दौरान शहर में बिजली और पानी की आपूर्ति सुचारु रूप से बनाए रखी जाए, ताकि लोगों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

वहीं सरहुल शोभायात्रा महासमिति की ओर से महासचिव बिरसा कंडीर ने बताया कि 21 मार्च को सरहुल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें जिले भर से आदिवासी समाज के हजारों लोग शामिल होंगे। उन्होंने शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने की मांग की। साथ ही उन्होंने सरहुल शोभायात्रा के दिन खूंटी शहर में हड़िया और शराब की बिक्री पर रोक लगाने का भी आग्रह किया।

केंद्रीय रामनवमी महासमिति की ओर से जितेंद्र कश्यप ने रामनवमी पर्व की तैयारियों को लेकर प्रशासन के समक्ष कई मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष रामनवमी शोभायात्रा में निकाली जाने वाली सभी झांकियों की ऊंचाई अधिकतम 15 फीट तक होगी। इसलिए शोभायात्रा मार्ग में जहां भी बिजली के तार जर्जर हैं या कम ऊंचाई पर लटके हुए हैं, उन्हें दुरुस्त किया जाए। साथ ही शोभायात्रा मार्ग पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, जेनरेटर, पेयजल, मेडिकल टीम की उपलब्धता और सड़कों की मरम्मत कराने की भी मांग की गई। उन्होंने यह भी कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी शोभायात्रा जुलूस के लिए प्रशासन की ओर से वाहन उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में सभी समितियों की मांगों और सुझावों को सुनने के बाद अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी ने भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवा, साफ-सफाई तथा अन्य सभी जरूरी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने सभी समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की।

वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक ने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी। इसके अलावा पुलिस की बाइक गश्ती दल, रैपिड एक्शन फोर्स तथा अग्निशमन विभाग की टीम भी तैनात रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने और सभी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post