Khunti: जिला मुख्यालय स्थित वन प्रमंडल खूंटी के कार्यालय परिसर में आज दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब परिसर में रखे लकड़ी के बोटा में अचानक आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलती चली गईं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के कारण बड़ी संख्या में लकड़ी के बोटा जलकर राख हो गए। 
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर लकड़ियां रखी गई थीं, वहां हाल के दिनों में नीलामी की प्रक्रिया पूरी की गई थी। नीलामी के बाद संबंधित पक्ष द्वारा लकड़ी का उठाव भी किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक आग लगने की घटना सामने आई। आग कैसे लगी, इसका स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आ सका है। विभाग की ओर से भी आधिकारिक रूप से यह नहीं बताया गया है कि कुल कितनी संख्या में लकड़ी जलकर नष्ट हुई है। 
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक आग ने व्यापक नुकसान पहुंचा दिया था। परिसर में धुएं का गुबार दूर से ही देखा जा रहा था और आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए थे। 
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस आगजनी की घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक क्षति का आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आग किन परिस्थितियों में लगी और कितनी मात्रा में लकड़ी का नुकसान हुआ है। फिलहाल घटना को लेकर विभाग और स्थानीय प्रशासन सतर्क है।



