Breaking News

खूंटी शहर में घुसा जंगली हाथी, वन विभाग कार्यालय तक पहुंचा — घंटों अफरातफरी, कड़ी मशक्कत के बाद जंगल की ओर खदेड़ा गया

Khunti: झारखंड के खूंटी शहर में उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया जब एक जंगली हाथी शहर की सड़कों पर घूमता हुआ वन विभाग के कार्यालय तक पहुंच गया। हाथी को देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग उमड़ पड़े और कई घंटों तक शहर में दहशत व जिज्ञासा का माहौल बना रहा। वन विभाग की टीम की तत्परता से अंततः हाथी को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ दिया गया।

जानकारी के अनुसार, यह जंगली हाथी पिछले दो-तीन दिनों से खूंटी क्षेत्र में घूम रहा था। दो दिन पूर्व इसे भूत गांव के पास देखा गया था, जहां वन विभाग की टीम ने उसे जंगल की ओर खदेड़ दिया था। इसके बावजूद हाथी पुनः आबादी क्षेत्र की ओर लौट आया।

बीती रात हाथी ने खूंटी थाना क्षेत्र के सिलादोन गांव में एक घर की खिड़की उखाड़ दी और अंदर रखे अनाज को खा लिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। इसके बाद हाथी वहां से निकलकर शहर से सटे नामकोम जंगल की ओर चला गया।

सुबह होते ही हाथी के शहर के समीप होने की खबर फैल गई और बड़ी संख्या में लोग उसे देखने के लिए पहुंच गए। भीड़ और शोरगुल के बीच हाथी दतिया होते हुए डीएवी स्कूल के रास्ते शहर में प्रवेश कर गया। शहर की मुख्य सड़कों से गुजरते हुए वह सीधे वन विभाग के कार्यालय तक पहुंच गया, जिससे अधिकारियों और कर्मचारियों में भी हलचल मच गई।

इसके बाद हाथी बाजार टांड होते हुए समाहरणालय के बगल से गुजरता हुआ कामांता डैम की ओर बढ़ गया। वहां वह कुछ देर तक पानी में उतरा और नहाता रहा। डैम पर भी देखते ही देखते सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे और शोरगुल करते रहे, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई।

पूरे घटनाक्रम के दौरान वन विभाग की टीम लगातार सक्रिय रही। अधिकारियों ने भीड़ को हटाने और हाथी को सुरक्षित दिशा देने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने हाथी को शहर की सीमा से बाहर निकालकर पुनः जंगल की ओर खदेड़ दिया।

वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि जंगली जानवरों के आसपास भीड़ न लगाएं और न ही शोरगुल करें, क्योंकि इससे जानवर उत्तेजित हो सकते हैं और किसी अप्रिय घटना की आशंका बढ़ सकती है। फिलहाल क्षेत्र में वन विभाग की निगरानी जारी है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post