Breaking News

धनबाद में नगर निकाय चुनाव की मतगणना शुरू, 24 घंटे तक मेयर परिणाम आने की संभावना; शुरुआती विवाद के बाद प्रक्रिया जारी

Dhanbad: धनबाद में नगर निकाय चुनाव की मतगणना आज से शुरू हो गई है। शहर की नई सरकार और अगले पांच वर्षों की दिशा तय करने वाले इस अहम दिन पर सभी की नजरें परिणामों पर टिकी हैं। राजकीय पॉलिटेक्निक स्थित काउंटिंग सेंटर में कड़ी सुरक्षा के बीच मतों की गिनती जारी है। मेयर पद का अंतिम परिणाम आने में लगभग 24 घंटे तक का समय लग सकता है।

11 हॉल में 117 टेबल पर गिनती

धनबाद नगर निगम के महापौर और 55 वार्ड पार्षदों के लिए 11 काउंटिंग हॉल में 117 टेबल लगाए गए हैं। वहीं चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष और 21 वार्ड पार्षदों के लिए 4 हॉल में 24 टेबल पर मतगणना की जा रही है।

हर टेबल पर एक काउंटिंग सुपरवाइजर और दो सहायक तैनात हैं। सबसे पहले वार्ड संख्या 1, 6, 11, 16, 21, 26, 31, 36, 41, 46 और 51 के मतों की गिनती शुरू की गई है। महापौर और पार्षद पद की मतगणना समानांतर रूप से चल रही है।

सुरक्षा और ट्रैफिक में बदलाव

मतगणना को शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मीडिया कर्मियों के लिए अलग मीडिया कोषांग बनाया गया है, जहां से परिणामों का त्वरित संकलन और प्रसारण किया जा रहा है।

ट्रैफिक व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव किया गया है। विनोद बिहारी महतो चौक से बेकारबांध रूट पर आम वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद कर दी गई है। केवल अधिकृत अधिकारी, कर्मचारी, प्रत्याशी और उनके एजेंटों को ही प्रवेश की अनुमति है। यह व्यवस्था सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक लागू रहेगी।

शुरुआती विवाद से गरमाया माहौल

मतगणना शुरू होने से पहले काउंटिंग सेंटर के बाहर उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब विभिन्न प्रत्याशियों के चुनाव अभिकर्ताओं को सुरक्षाकर्मियों ने अंदर जाने से रोक दिया। उन्हें बताया गया कि प्रति प्रत्याशी केवल एक अधिकृत प्रतिनिधि को प्रवेश मिलेगा।

इस फैसले के विरोध में अभिकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी और प्रशासन पर अंतिम समय में नियम बदलने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि 11 काउंटिंग हॉल में प्रत्येक हॉल के लिए एक-एक अभिकर्ता की अनुमति पहले दी गई थी।

मामले को शांत कराने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान पूर्व विधायक एवं मेयर प्रत्याशी संजीव सिंह ने प्रशासन से बातचीत की। वार्ता के बाद छह अभिकर्ताओं को अंदर जाने की अनुमति दी गई, जिसके बाद मतगणना की प्रक्रिया सुचारु रूप से शुरू हो सकी।

हालांकि शुरुआती विवाद ने चुनावी माहौल को गरमा दिया, लेकिन फिलहाल कड़ी निगरानी और सुरक्षा के बीच मतगणना जारी है। अब शहर को अपनी नई सरकार का इंतजार है।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post