Saraikela: चंपाई सोरेन के परिवार से बेहद दुखद खबर सामने आई है। उनके 19 वर्षीय पोते वीर सोरेन का हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया। इस असामयिक घटना से परिवार और समर्थकों में गहरा शोक व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीर सोरेन अपने मित्रों के साथ घूमने के लिए कुल्लू गए थे। बताया जा रहा है कि बर्फ में स्केटिंग करने के बाद जब वे होटल लौटे तो अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। स्थिति तेजी से गंभीर हो गई और उन्हें अस्पताल ले जाने से पहले ही होटल में उन्होंने दम तोड़ दिया। हालांकि मौत के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही चंपाई सोरेन गहरे सदमे में हैं। वे अपने पुत्रों के साथ रांची से हवाई मार्ग द्वारा दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं, जहां से आगे हिमाचल प्रदेश पहुंचने की तैयारी है।
इधर, चंपाई सोरेन के पैतृक गांव झिलिंगगोड़ा सहित आसपास के इलाकों में शोक की लहर है। गांव में चल रहे पारंपरिक कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया है।
परिवार की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया है कि 24 फरवरी 2026 को हिमाचल प्रदेश के मनाली में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद वीर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। संदेश में परिवार ने इसे अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरा दुःख व्यक्त किया है।
फिलहाल स्थानीय प्रशासन द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और परिजन कुल्लू पहुंचने की तैयारी में हैं।


