Dumka: दुमका में मंगलवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। नगर थाना क्षेत्र में डीआईजी कार्यालय के पास बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने संथाल परगना मजदूर मोटर संघ के प्रमंडलीय अध्यक्ष अरुण सिंह को गोली मार दी। घटना सुबह करीब छह बजे की बताई जा रही है।
गोली लगने से अरुण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत दुमका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए आसनसोल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक अरुण सिंह रोज की तरह अपने गिलान पाड़ा स्थित आवास से बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दुमका में स्थित डीआईजी कार्यालय के समीप पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उन पर दो राउंड फायरिंग की। एक गोली उन्हें लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पूरे इलाके में नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।



