Khunti: नगर निकाय चुनाव के तहत सोमवार को खूंटी नगर पंचायत क्षेत्र में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराया गया। पूरे चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पूरे शहर को चार सेक्टरों में बांटा गया था, जहां चार दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) के साथ पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार भ्रमण कर मतदान प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए थे। 
शहरी क्षेत्रों में पुलिस की पेट्रोलिंग टीम लगातार गश्त करती रही। इसके अलावा क्यूआरटी (त्वरित कार्रवाई दल) के जवानों को भी अलर्ट मोड में रखा गया था। शहर के सभी प्रमुख चौक-चौराहों और गली-मोहल्लों में बाइक पेट्रोलिंग टीम सक्रिय रही, जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनी रही।
28,917 मतदाताओं में से आधे से अधिक ने किया मतदान
खूंटी नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 28,917 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें से 64.02 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के इस महापर्व में भागीदारी निभाई। 19 वार्डों वाले नगर पंचायत क्षेत्र से एक अध्यक्ष और 19 वार्ड पार्षदों का चुनाव होना है। मतदान के साथ ही सभी प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटिका में बंद हो गई है। 
नगर निकाय का यह चुनाव बैलेट पेपर से कराया गया, जो शहरी क्षेत्र में लंबे समय बाद हुआ। इससे कई मतदाता असमंजस में नजर आए। कुछ मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया समझने में कठिनाई हुई।
बैलेट पेपर से मतदान में आई दिक्कतें
बूथों पर तैनात प्रत्याशियों के एजेंटों के अनुसार कुछ मतदाताओं ने मतपत्र पर मुहर लगाने के बजाय अंगूठा लगा दिया, तो कुछ बिना मुहर लगाए ही मतपत्र बैलेट बॉक्स में डालते देखे गए। जानकारों का मानना है कि इस कारण कई मतपत्र रद्द होने की आशंका है। माना जा रहा है कि चुनाव से पूर्व व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाता तो मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की बेहतर जानकारी मिल सकती थी। 
कड़ी निगरानी में रखा गया स्ट्रांग रूम
मतदान संपन्न होने के बाद सभी पोलिंग पार्टियों ने मतपेटिकाओं को कदमा स्थित बाजार समिति भवन में बनाए गए स्ट्रांग रूम में जमा कराया। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
अब 27 फरवरी को मतगणना होगी, जिसके बाद अध्यक्ष और वार्ड पार्षद पद के विजेताओं की तस्वीर साफ हो जाएगी।



