Khunti: कर्रा प्रखंड के ओबीसी समुदाय के लोगों ने तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया द्वारा विधानसभा के शून्यकाल के दौरान ओबीसी आरक्षण रोस्टर का मुद्दा प्रमुखता से उठाए जाने पर हर्ष व्यक्त किया है। समुदाय के लोगों ने इसे क्षेत्र के सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है।
ओबीसी समुदाय के प्रतिनिधियों ने कहा कि खूंटी जिला में ओबीसी वर्ग की स्थिति शिक्षा और नियोजन के क्षेत्र में लगातार कमजोर होती जा रही है। पर्याप्त आरक्षण और रोस्टर प्रणाली के सही अनुपालन के अभाव में युवाओं को उनका हक नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने बताया कि यदि ओबीसी समुदाय को नियमानुसार आरक्षण का लाभ सुनिश्चित हो, तो शिक्षा, सरकारी नियुक्ति और अन्य रोजगार के अवसरों में उनकी भागीदारी बढ़ेगी, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
समुदाय के लोगों ने कहा कि खूंटी और सिमडेगा जिलों में ओबीसी वर्ग की आबादी अच्छी-खासी संख्या में है, बावजूद इसके आरक्षण रोस्टर के प्रभावी क्रियान्वयन के अभाव में शैक्षणिक और नियोजन स्तर में गिरावट देखी जा रही है। ऐसे समय में विधायक सुदीप गुड़िया द्वारा इस गंभीर मुद्दे को विधानसभा में उठाना सराहनीय कदम है। लोगों का मानना है कि यदि सरकार इस दिशा में ठोस निर्णय लेती है तो हजारों युवाओं का भविष्य संवर सकता है।
स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि विधायक सुदीप गुड़िया निरंतर क्षेत्र की समस्याओं को विधानसभा में उठा रहे हैं और जनता से सीधे संवाद कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। खूंटी और सिमडेगा जिले से जुड़े मुद्दों को सदन में रखने से क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की उम्मीद बढ़ी है।
हर्ष व्यक्त करने वालों में कर्रा, खूंटी, जरियागढ़, तिलमी, मास्को, गोविंदपुर, रेहरगढ़ा, लापा, बक्सपुर सहित दर्जनों गांवों के सैकड़ों लोग शामिल रहे। ओबीसी समुदाय के बीच विधायक के इस कदम को लेकर सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है और क्षेत्र में यह चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है।



