Khunti: खूंटी जिला के पुलिस मुख्यालय सभागार में आज पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। गोष्ठी में आगामी पर्व होली और रमजान के मद्देनजर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सड़क सुरक्षा, नगर निकाय चुनाव तथा लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई। 
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि होली और रमजान जैसे संवेदनशील पर्वों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, असामाजिक गतिविधि या सांप्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी थाना क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जाए। संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां नियमित गश्ती, वाहन चेकिंग और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। 
आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर बैठक में विशेष चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में विधि व्यवस्था सुदृढ़ रखने, संभावित गड़बड़ी वाले क्षेत्रों की सूची तैयार करने तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बल की मांग करने को कहा गया। साथ ही चुनाव आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश भी दिया गया। 
पुलिस अधीक्षक ने बारी-बारी से सभी थाना प्रभारियों से फरार अपराधियों, लाल वारंटियों तथा अन्य लंबित मामलों की जानकारी ली। जिन मामलों में प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, वहां तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेंडिंग मामलों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इसके अतिरिक्त सड़क सुरक्षा को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नियमित वाहन जांच अभियान, हेलमेट और सीट बेल्ट की जांच तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में खूंटी एसडीपीओ वरुण रजक, एएसपी तोरपा क्रिस्टोफर केरकेट्टा, थाना प्रभारी खूंटी अशोक कुमार सिंह, थाना प्रभारी कर्रा मुकेश कुमार हेमरोम, थाना प्रभारी जरिया बीरेंद्र कुमार, थाना प्रभारी मुरहू नायल गोड़विन केरकेट्टा, थाना प्रभारी मारंगहदा विकास जयसवाल, थाना प्रभारी एनडीपीएस अनुदीप सिंह, पु.अ.नि. आदित्य कुमार, पु.अ.नि. सीताराम दांगी तथा थाना प्रभारी सायको शामिल रहे। सभी को पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।



